-फोटो 67 : रेलवे रोड पर इलेक्ट्रानिक सामान की खरीदारी करते लोग। संवाद
बहादुरगढ। डेढ़ माह की सुस्ती के बाद नवरात्र में इलेक्ट्राॅनिक बाजार गुलजार है। अष्टमी तक शहर में लगभग 4 करोड़ का कारोबार हुआ। नवरात्र के साथ दीवाली सीजन में खरीद को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह है। इलेक्ट्रानिक बाजार के कारोबारियों की मानें तो दीवाली तक उन्हें 10 करोड़ का व्यापार होने की उम्मीद है।
बहादुरगढ़ शहर में अलग-अलग बाजारों में इलेक्ट्राॅनिक की छोटी-बड़ी 40 से अधिक दुकानें हैं। शहर में बड़े शोरूम इक्का-दुक्का ही हैं। दुकानदारों का कहना है कि नवरात्र के 8 दिनों के भीतर बाजार ने काफी उड़ान भरी है। उससे कारोबारी उत्साहित हैं। रेलवे रोड के दुकानदार गौरव गर्ग, कबाड़ी मार्केट के दुकानदार अमित राठी ने बताया कि जिस तरह का ट्रेंड आया है उससे कई गुना ज्यादा दिवाली में सीजन बढ़ जाता है।
नवदुर्गा के दौरान अलग-अलग सेक्टर्स में दी गई स्कीम के बाद मार्केट में जमकर उछाल देखने को मिल रहा है। सभी सेक्टर्स ग्राहकों के लिए अलग-अलग स्कीम लेकर आएं हैं, जिससे बाजार में चमक बनी हुई है। इलेक्ट्रानिक्स का व्यापार करने वाले गौरव गर्ग ने बताया कि बाजार में एसी, टीवी, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, ऑवन, साउंड सिस्टम की खरीदारी पर भी ग्राहकों का अच्छा खासा रुझान बढ़ा है।
सर्दी का सीजन शुरू होते ही ऑफर्स की भी भरमार रहेगी। दिवाली पर इस बार 45 प्रतिशत की वृद्धि गत वर्ष के मुकाबले दर्ज हुई है। उनका कहना है कि इसी तरह की रौनक बाजार में दिवाली पर भी रहेगी। इसके बाद शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा। शादियों के सीजन के लिए कंपनियों की ओर से भी अनेक तरह की स्कीम लांच की जाएगी।