बहादुरगढ़। इन दिनों उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। वहीं बिजली की समस्या से भी लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। लालचंद कॉलोनी में बुधवार की रात 11 बजे गायब हुई बिजली वीरवार की दोपहर तीन बजे तक चालू हो पाई। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात के समय बिजली निगम के शिकायत नंबर पर कॉलोनी के लोगों ने अनेकों बार कॉल किए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार लोगों को भयंकर गर्मी में रात बितानी पड़ी। सुबह के समय निगम के कर्मचारी शिकायत के बाद पहुंचे और बिजली को ठीक करने का काम किया गया। लगभग 16 घंटे लोगों को बिजली से महरूम रहना पड़ा।
लालचंद कॉलोनी वासी राजू, राजेंद्र प्रसाद, राजकुमार, अमित और नवीन कुमार ने बताया कि उनकी कॉलोनी में बुधवार की रात 11 बजे बिजली अचानक गायब हो गई। उन्होंने बिजली के आने का इंतजार करना शुरू किया। बीच-बीच में बिजली आई, लेकिन चली गई। इसके बाद इंतजार करते-करते लोगों की सुबह हो गई। जब सुबह के समय भी बिजली ने दर्शन नहीं दिए तो लोगों ने निगम के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद निगम के कर्मचारी बिजली ठीक करने के लिए पहुंचे। बताया गया है कि कॉलोनी की बिजली सप्लाई के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। इस वजह से बिजली गायब हो गई। शिकायत के बाद ट्रांसफार्मर में बिजली सप्लाई को ठीक करने का कार्य शुरू किया गया। इसे ठीक करने में चार-पांच घंटे लग गए। लोगों का कहना है कि रात समय उन्होंने निगम के शिकायत नंबर पर कई बार कॉल की, लेकिन किसी तरह का कोई रिस्पांस वहां से नहीं मिला।
इनवर्टर भी दे गए जवाब
लगभग 16 घंटे तक बिजली गायब रहने के कारण लोगों के घरों में रखे इनवर्टर भी जवाब दे गए। ऐसे में छोटे बच्चे परेशान रहे। गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों का बुरा हाल हो गया। कॉलोनी वासी रवि कुमार ने बताया कि रात 11 बजे बिजली गायब हुई थी। इसके बाद चार बजे तक उनका इनवर्टर चलता रहा, लेकिन फिर वह भी जवाब दे गया।
बिजली न आने की शिकायत मिलते ही कर्मचारियों को ठीक करने के लिए आदेश दिए गए। ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। शिकायत के बाद कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर में आई खराबी को ठीक किया। इसके बाद बिजली सप्लाई चालू हो गई।
-मनीष कुमार, एसडीई, बिजली निगम, बहादुरगढ़