झज्जर। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के तत्वावधान में सर्कल के बिजली कर्मचारियों ने मंगलवार को बिजली कार्यालय में मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। जनरल सेक्रेटरी बिजेंद्र फोगाट ने कहा कि वर्षों से कार्यरत कच्चे कर्मचारियों के वेतन में करीब 10 वर्षों से कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिससे वे कम वेतन में कठिन परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों को उचित मुआवजा और सुरक्षा लाभ नहीं मिलते। कर्मचारियों ने मृतक कर्मियों के आश्रितों को सम्मानजनक मुआवजा और सभी आवश्यक सुविधाएं देने की मांग उठाई। फोगाट ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो 9 जुलाई को अंबाला में बिजली मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 28 और 29 जुलाई को पूरे हरियाणा में बिजली कर्मचारी पूर्ण हड़ताल करेंगे।