बेरी। बेरी-कलानौर मार्ग पर ढराणा मोड़ के पास शनिवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बिजली निगम कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बाकरा निवासी हरीश (पुत्र लखमीचंद) के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में सहायक लाइनमैन (एएलएम) के पद पर कार्यरत था।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार हरीश शनिवार शाम ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। ढराणा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया।
हरीश अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बिजली निगम के कर्मचारियों और परिचितों ने भी घटना पर दुख जताया। बेरी शहर चौकी के एएसआई एवं जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।