विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को हुए मतदान में जिले भर में 63.54 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान में हॉट सीट बने बेरी व बादली अव्वल रहे। बेरी में 67.50 प्रतिशत, बादली में 66.60 प्रतिशत, बहादुरगढ़ में 63.10 और झज्जर में 57 प्रतिशत मतदान हुआ। शहरी क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्र के मुकाबले कम रहा। शहरों में दोपहर बाद ही वोटर बूथों तक आए। हालांकि 2014 के मुकाबले मतदान प्रतिशत में इस बार बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। 2014 में 71.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। वहीं 2009 में 65.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2014 के विधानसभा चुनाव में बेरी में 73.6 प्रतिशत, बादली में 71.4 प्रतिशत, बहादुरगढ़ में 71.5 व झज्जर में 68.6 प्रतिशत मतदान हुआ था।
बूथ नंबर 67 पर वीवीपैट में आई खराबी
गाजी कमाल रोड पर बूथ संख्या 67 पर सुबह करीब सवा 9 बजे वीवीपैट मशीन में खराबी आ गई। जब पीठासीन अधिकारी व चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी तब तकनीशियन को मौके पर भेजा गया। इसके बाद 09:35 बजे पर मतदान फिर से शुरू हुआ। इस दौरान करीब 20 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा।
नेहरू कॉलेज में ईवीएम जमा कराने के लिए लगी भीड़
विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शाम छह बजे ही बंद कर दी गई थी। लेकिन कई मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें लगने की वजह से वहां पर करीब साढे़ छह बजे तक वोटिंग होती रही। करीब साढे़ छह बजे तक तो 1-2 पार्टियां नेहरू कॉलेज में ईवीएम जमा कराने के लिए आती रही। लेकिन जैसे-जैसे वोटिंग समाप्त होती गई। पार्टियां ईवीएम मशीन जमा कराने के लिए आती रही। रात 10 बजे तक नेहरू कालेज में ईवीएम जमा कराने के लिए पार्टियों की भीड़ लग गई। ईवीएम मशीन जमा कराने का कार्य देर रात कर चलता रहा।