गुरुग्राम-बहादुरगढ़ रूट पर चलने वाली एक प्राइवेट बस में बुजुर्ग महिला गिरकर घायल हो गई। महिला के परिजनों ने बहादुरगढ़ बस स्टैंड पर हंगामा किया। परिजनों ने बस कंडक्टर पर धक्का देकर गिराने का आरोप लगाया तो बस कंडक्टर ने कहा कि महिला खुद गिरी है। फिलहाल घायल बुजुर्ग महिला नागरिक अस्पताल में भर्ती है। स्थानीय पुलिस ने दिल्ली पुलिस को मामले से अवगत करा दिया है।
जानकारी मुताबिक मदीना-मोखरा की निवासी बेदो देवी दिल्ली के दौलतपुरा में अपनी बेटी के यहां गई हुई थी। बुधवार की सुबह परिजनों ने नजफगढ़ स्टैंड से बेदो को बस में बैठा दिया। वहां अनाज मंडी के पास चलती बस में बेदो गिर गई जिससे उसको काफी चोट आई। जब बस बहादुरगढ़ बस स्टैंड पर आई तो परिजन भी यहां पहुंच चुके थे। परिजनों और सवारियों ने कंडक्टर-ड्राइवर को खरी खोटी सुनाई। आरोप ये लगाया कि कंडक्टर ने महिला को धक्का दिया इसलिए वह गिर गई। हंगामे की सूचना पाकर सिटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस उसी बस में महिला को नागरिक अस्पताल में लाई और उपचार शुरू कराया। जांच में मामला दिल्ली का मिला तो यहां की पुलिस ने दिल्ली पुलिस को घटना की सूचना दे दी। अस्पताल में मौजूद परिजनों के मुताबिक, बेदो को धक्का देकर गिराया है। गिरने के बाद वहां किसी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया और कई किलोमीटर दूर बहादुरगढ़ में आकर बस रोकी। उधर, अस्पताल में पहुंचे ड्राइवर का कहना था कि बुजुर्ग महिला को किसी ने धक्का नहीं दिया। नजफगढ़ अनाज मंडी के पास बस मोड़ते वक्त महिला खुद सीट से गिर गई।