सोनीपत। गांव मलिकपुर में बुजुर्ग की ईंट से हमला कर व गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बुजुर्ग का शव खेत में चारपाई पर पड़ा मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए हैं। शव का खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुजुर्ग के भतीजे ने पड़ोसी गांव की महिला पर रुपये के लेनदेन में वारदात को अंजाम दिलवाने का आरोप लगाया है। गांव मलिकपुर निवासी आशीष ने बताया कि उनके चाचा जयफल (65) गन्नौर में मिष्ठान भंडार चलाते थे। परिवार को रविवार सुबह सूचना मिली कि उनका शव एक ग्रामीण के खेत में पड़ा है। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि ईंट से हमला कर व परना से गला दबाकर बुजुर्ग की हत्या की गई थी।
हत्या की सूचना मिलते ही मुरथल थाना प्रभारी राजीव कुमार अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और गहनता से जांच की। मौके पर जयफल का शव चारपाई पर लहूलुहान हालत में मिला। भतीजे आशीष ने बताया कि वह दिल्ली में रहते हैं। शनिवार की शाम को उनकी चाचा जयफल से सामान्य बातचीत हुई थी। उनकी तबीयत खराब थी। इसे लेकर उन्होंने बातचीत की थी। सुबह गांव में रहने वाले छोटे भाई ने उनकी हत्या की सूचना दी।
वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। सिर व चेहरे पर ईंटों से हमला किया गया है। साथ ही परना से गला दबाया गया है। आशीष ने गांव पबनेरा की बबली पर हत्या को लेकर शक जताया है। उनका कहना है कि बबली का उनके चाचा से डेढ़ लाख रुपये का लेनदेन था। इस पर अदालत में केस चल रहा है। पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एफएसएल की टीम ने जुटाए सबूत
फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके से खून, मिट्टी और ईंट के नमूने जुटाए हैं। पुलिस ने परना भी कब्जे में लिया है। पुलिस ने आसपास के खेतों और रास्तों पर भी साक्ष्य तलाशे हैं।
मोबाइल व अंगूठी नहीं मिली
आशीष ने बताया कि उनके चाचा का मोबाइल व अंगूठी नहीं मिली है। साथ ही कोई रुपये भी उनके पास नहीं मिले है। चाचा गन्नौर में साझे में मिष्ठान भंडार चलाते थे। अक्सर रात को घर आते थे। वह शनिवार रात को घर नहीं आए थे। फिलहाल पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। जयफल के पास एक बेटी है। जिसकी उन्होंने शादी कर रखी है। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है।
गांव में मातम का माहौल
हत्या की खबर फैलते ही गांव में मातम का माहौल बन गया। लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि जयफल मेहनती और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी।
गांव मलिकपुर के खेत में बुजुर्ग का शव मिला है। उनकी सिर व चेहरे पर ईंट से हमला कर हत्या की गई है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द मामले से पर्दा उठा दिया जाएगा।
- रविंद्र सिंह, पुलिस प्रवक्ता सोनीपत
फोटो 18: सोनीपत के गांव मलिकपुर के खेतों में बुजुर्ग की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करते थाना
फोटो 18: सोनीपत के गांव मलिकपुर के खेतों में बुजुर्ग की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करते थाना
फोटो 18: सोनीपत के गांव मलिकपुर के खेतों में बुजुर्ग की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करते थाना