बहादुरगढ़। गर्मी का असर सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। भीषण गर्मी में बहादुरगढ़ से अपने वाहनों में दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए अब मेट्रो सुरक्षित और सुकून भरी यात्रा के लिए पहली पसंद है। हालात यह हैं कि बहादुरगढ़ में शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन पर ही यात्रियों से गाड़ी फुल हो रही है। अगले स्टेशन बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को बैठने की जगह भी नहीं मिल पा रही है। डीएमआरसी से मिले आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल मई में जहां मेट्रो में प्रतिदिन औसतन 52.42 लाख लोगों ने सफर किया था, वहीं इस साल मई में प्रतिदिन औसतन 60 लाख यात्री मेट्रो में सफर कर रहे हैं।
बहादुरगढ़ से दिल्ली अलग-अलग स्थानों पर प्रतिदिन कई हजार यात्री आवागमन करते हैं। अधिकतर लोग ऐसे हैं जो अपने वाहनों से काम धंधों पर जाते थे, लेकिन पिछले कई दिनों से लोगों ने अपने वाहनों से दिल्ली जाने के बजाय मेट्रो में सफर करना शुरू किया है। बहादुरगढ़ के ओमेक्स सिटी से सदर बाजार अपने वाहन से जाने वाले यागेश गुप्ता का कहना है कि गर्मी अधिक हो गई। ऐसे में गाड़ी का एसी भी काम नहीं करता। अब उन्होंने दिल्ली मेट्रो से अपने काम पर जाना शुरू कर दिया है। बाहर का तापमान 47 डिग्री होता है तो मेट्रो के अंदर का तापमान 25 डिग्री होता है। ऐसे में ट्रेन में सुकून से बैठकर लोग सफर कर रहे हैं। इसी तरह नई बस्ती से नया बाजार जाने वाले देवेंद्र कौशिक कहते हैं कि वे अपनी कार से ही अपने काम पर जाते रहे हैं, लेकिन अब कई दिनों से भयंकर गर्मी पड़ रही है। कार में कई जगह जाम और एसी न चलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भी अब गर्मी के मौसम में मेट्रो का सहारा लेना शुरू किया है। वैसे मई में आईपीएल मैचों के दौरान रात में मेट्रो के परिचालन की टाइमिंग को कुछ देर के लिए बढ़ाया गया था। लोकसभा चुनाव की वोटिंग वाले दिन भी सुबह 4 बजे से मेट्रो का परिचालन शुरू कर दिया था, लेकिन प्रतिदिन औसत यात्रियों की तादाद में बढ़ोतरी होने से कहीं न कहीं यह स्पष्ट है कि इस साल मई में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों को मेट्रो की सुरिक्षत और सुकून भरी यात्रा ज्यादा पसंद आ रही है।