झज्जर। उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों की स्वास्थ्य देखभाल और निगरानी प्रणाली में सुधार के लिए ई-स्वास्थ्य धाम ऐप लांच किया है। इस एप का उद्देश्य चार धाम की यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों की यात्रा के दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति को ट्रैक करते हुए उनकी सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है।
एप की प्रमुख विशेषताएं है कि यह तीर्थ यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति को निरंतर ट्रैक करेगा। इससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सकेगी। प्रत्येक तीर्थयात्री को इस ऐप पर पंजीकरण करना और अपना मेडिकल रिकॉर्ड अपलोड करना आवश्यक है। इससे चिकित्सा टीम को तीर्थ यात्रियों की स्वास्थ्य जानकारी पहले से ही उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर ऑन साइट स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे तीर्थ यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति की नियमित जांच की जा सके। एप में एक इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी शामिल है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकेगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य तीर्थ यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित और स्वास्थ्य पूर्ण बनाना है। इस ऐप के माध्यम से यात्रियों के स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं का पूर्वानुमान लगाया जा सकता है और समय पर उपाय किए जा सकते हैं