बहादुरगढ़। शहर की वेस्ट जुआं ड्रेन में नई बस्ती के सामने एक बेसहारा गोवंश गिर गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना गोधन सेवा समिति और फायर ब्रिगेड कार्यालय में दी। सूचना मिलते ही समिति के सेवादार और फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे। समिति सहसचिव नीतीश गौड़ ने बताया कि काफी गहराई में गिरा होने के कारण सेवादारों और दमकल कर्मचारियों को इस रेस्क्यू में काफी परेशानी आई। इसके बाद जेसीबी मशीन मंगवाकर गोवंश को सकुशल ड्रेन से बाहर निकाल लिया गया। गोवंश को बाहर निकलवाने में स्थानीय गो सेवकों का भी सराहनीय योगदान रहा। सभी के प्रयास से करीब 4 घंटे के बाद गोवंश को बाहर निकाला जा सका। नीतिश ने स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द सभी खुले नालों को ढकवाए जाने की मांग की है, ताकि उनमें कोई व्यक्ति या फिर कोई पशु न गिरे। साथ में गौधन सेवा समिति ने प्रशासन से शहर के बेसहारा गोवंशों के लिए नंदीशाला के निर्माण की भी मांग की है।