झज्जर। तीन दिन में दो लोगों की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हत्या की वारदातों के अलावा एक कार लूट की वारदात भी कुबूली है। दुजाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर पुलिस को सौंपा है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर होली के दिन दुजाना में अतिथि अध्यापक अनिल कुमार व 31 मार्च को रिवाड़ी खेड़ा में अमित कुमार की हत्या की थी।
दुजाना पुलिस थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक युवक को काबू किया। तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देसी पिस्तौल व एक कारतूस बरामद किया गया। अवैध हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान रवि उर्फ जंगली निवासी गांव सांगा जिला भिवानी के तौर पर की गई। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए थाना दुजाना में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में हत्या की दो अलग-अलग वारदातों व कार लूट की वारदात कबूल की है। आरोपी 28 को गांव दुजाना निवासी अनिल की हत्या में शामिल होने की बात कबूली है। आरोपी रवि उर्फ जंगली अपने साथी संजय निवासी बिरधाना व परविंदर उर्फ चीमा निवासी मातन के साथ बाइक से वारदात को अंजाम दिया था।
इसके बाद मौके से गया था। हत्या की एक अन्य वारदात का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि रवि उर्फ जंगली भी गांव रिवाड़ी खेड़ा में 31 मार्च को अमित की हत्या में भी शामिल था। उसने यहां परविंदर उर्फ चीमा व दीपक निवासी रिवाड़ी खेड़ा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपने साथियों संजय निवासी बिरधाना व परविंदर उर्फ चीमा निवासी गांव मातन के साथ मिलकर गांव अमादलपुर पेट्रोल पंप के पास से 10 मार्च 2021 को हथियारों के बल पर एक कार लूट ली थी।