सेक्टर-6 में एक विवाहिता ने अपने घर में ही फंदा लगाकर जान दे दी। उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष के इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। ऐसे में पुलिस ने पति सहित चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मायके पक्ष के लोगों ने डीएसपी से मिलकर बोर्ड से पोस्टमार्टम कराए जाने व आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
झज्जर के गांव बिठला निवासी ममता की शादी कसार निवासी पवन के साथ वर्ष 2011 में हुई थी। फिलहाल वह अपने पति के साथ सेक्टर-6 में ही रहती थी। सोमवार को उसने घर के अंदर ही संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी मिली थी। मायके पक्ष का आरोप था कि उसे दहेज के लिए परेशान किया जाता था।
वह एक बच्चे की मां भी थी। उसके पिता का आरोप है कि ममता पर कार लाने के लिए दबाव दिया जा रहा था। सेक्टर-6 चौकी प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि मृतका के पिता तेजराम के बयान पर उसके पति पवन के अलावा तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। दूसरी ओर ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि ममता को किसी भी तरह से परेशान नहीं किया जाता था और न ही दहेज की डिमांड की गई। उसने स्वयं आत्महत्या की है। उन पर बेवजह आरोप लगाए हैं। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम पहले बहादुरगढ़ में होना था लेकिन मायके पक्ष के लोगों ने रोहतक पीजीआई में डाक्टरों के बोर्ड से कराने के लिए कहा। ऐसे में यहां पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।