जाट आरक्षण की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन और जाम के कारण बहादुरगढ़ में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। हालात ये हैं कि खौफ के कारण शनिवार को शहर के सारे बाजार बंद रहे, जबकि एहतियातन उद्योगों को भी बंद करवा दिया गया। किसी भी अप्रिय हालात से निपटने के लिए सेना की टुकड़ियां पहुंच चुकी हैं और क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। आरक्षण के लिए जाटों का आंदोलन शनिवार को सातवें दिन में प्रवेश कर गया। गत दिवस रोहतक में सुलगी आग का असर शनिवार को क्षेत्र में साफ नजर आया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कुछ सैनिक और अर्धसैनिक क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। सेना के आगमन के साथ शहर में जाम लगाए आंदोलनकारियों के समर्थन में गांवों से आने वालों का सिलसिला तेज हो गया। शनिवार को कई गांवों से बार्डर पर जाम में समर्थन के लिए ट्रॉलियों में भर-भर कर भीड़ पहुंची।
अफवाहों का बाजार रहा गर्मसुबह बाजार खुलना शुरू ही हुआ था कि क्षेत्र में अफवाहों का दौर शुरू हो गया। कभी रेलवे रोड पर दुकान जलाने की अफवाह ने जोर पकड़ा तो कभी शहर के मेन बाजार में आगजनी का शोर उठा। हालांकि कहीं कुछ नहीं हुआ था। सहमे दुकानदार सुबह से ही दुकान खोलने से हिचकते नजर आए।
अराजक तत्व हुए सक्रियकरीब साढ़े ग्यारह बजे मेन बाजार में आधा दर्जन बाइक सवार पहुंचे और डंडों से पकौड़े वाले के काउंटर का शीशा तोड़ दिया और दुकानें बंद करने की धमकी देकर चलते बने। इसके बाद तो पहले से सहमे दुकानदारों के शटर धड़ाधड़ गिरते चले गए। बाद में एक कार में सवार तीन युवक भी धमकी देने पहुंचे थे।
बाजार बंद, उद्योग भी बंदतनावपूर्ण हालात के चलते शनिवार को तमाम बाजार बंद रहे। रेलवे रोड,़ मैन बाजार नाहरा-नाहरी रोड़, झज्जर रोड व अन्य बाजार पूर्ण रूप से बंद रहे। दवाइयां आदि के साथ अन्य प्रतिष्ठान भी बंद रहे। इसके अलावा उद्योगों को पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा के लिए बंद करा दिया।
पेट्रोल-डीजल पर कोटा शुरूक्षेत्र में आवश्यक सामान की किल्लत का दौर शुरू हो गया है। क्षेत्र में अधिकतर पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो गया है जबकि इंडियन आयल ने सप्लाई किल्लत को देखते हुए कोटा सिस्टम लागू कर दिया। कंपनी के सेल्स आफिसर ए अवस्थी के अनुसार टू-व्हीलर को 50 और फोर व्हीलर को 100 रुपये तक का ही पेट्रोल/डीजल मिलेगा।
प्रशासन का पक्षबहादुरगढ़ में हालात तनावपूर्ण लेकिन काबू में हैं। सीआरपी के 900 से ज्यादा और रैपिड एक्शन फोर्स के 240 जवान शहर में पहुंच गए हैं।प्रदीप कुमार, एसडीएम