25jjrp08- झज्जर। नशा उन्मूलन जागरूकता संगोष्ठी में मौजूद छात्राएं व अन्य। स्रोत- कॉलेज
झज्जर। महाराजा अग्रसेन महिला महाविद्यालय में बुधवार को ड्रग अवेयरनेस सेल एवं मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशा उन्मूलन जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का संचालन एवं संयोजन ड्रग अवेयरनेस सेल प्रभारी डॉ. नीतू जैन एवं मनोविज्ञान विभाग ने किया।
संगोष्ठी का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा। डॉ. नीतू जैन ने बताया कि नशा व्यक्ति के व्यक्तित्व, पारिवारिक संबंधों एवं सामाजिक प्रतिष्ठा पर गंभीर प्रभाव डालता है।
प्राचार्य डाॅ. नीलम गर्ग ने कहा कि आज के समय में नशा विशेषकर युवाओं के बीच एक गंभीर सामाजिक समस्या बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों एवं स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक बनाना भी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया इसमें छात्राओं ने भाग लिया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।