बेरी। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह हुई बूंदाबांदी ने क्षेत्र में ठंड बढ़ा दी। इससे क्षेत्र के किसानों के चेहरे खिल गए। हल्की बूंदाबांदी ने ठंड में इजाफा कर दिया, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हुए। अधिक ठंड रहने का एहसास शुक्रवार रात को होने लगा था कि क्योंकि रात करीब साढ़े आठ बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई थी ओर शनिवार सुबह करीब 5 बजे बारिश शुरू हो गई और 10 मिनट तक तेज बारिश हुई। इससे कई स्थानों पर पानी भर गया। ठंड बढ़ने से जहां आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी तो वहीं गेहूं उत्पादक किसानों के चेहरे खिले रहे। किसान प्रविंद्र ने बताया कि शनिवार को सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी से गेहूं की फसल में फायदा होगा। शनिवार को हुई बारिश किसानों के लिए सोने के रूप में बरसी है।
क्या कहते है कृषि विशेषज्ञ
कृषि विशेषज्ञ डॉ. विष्णुदत्त ने बताया कि मौसम गेहूं की फसल के अनुकूल बना हुआ है। जितनी ज्यादा ठंड होगी गेहूं की फसल उतनी ही अच्छी होगी। अधिक ठंड और बारिश में गेहूं की फसल का बढ़ाव रुकेगा तो वहीं फुटाव बढ़ेगा और उत्पादन में बढ़ोतरी होगी और शुक्रवार रात व शनिवार को सुबह क्षेत्र में हुई बूंदाबांदी से कोई नुकसान नही हुआ।