संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। शहर के लाइनपार एरिया स्थित सेक्टर-28 स्थित फोर्टेसिया कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होने पर कॉलोनी के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने पूर्व विधायक राजेंद्र जून का सम्मान किया। वार्ड पार्षद रजनीश उर्फ मोनू के नेतृत्व में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी रविवार को दिल्ली रोड स्थित पूर्व विधायक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने राजेंद्र जून को फूलों की माला पहनाकर, पगड़ी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया और कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति सुचारू होने पर आभार व्यक्त किया।
इस दौरान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि फोर्टेसिया कॉलोनी में वर्षों से पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई थी। इस समस्या को लेकर आरडब्ल्यूए ने वार्ड पार्षद रजनीश उर्फ मोनू से संपर्क किया था। इसके बाद यह मामला तत्कालीन विधायक राजेंद्र जून के समक्ष उठाया गया।
विधायक रहते हुए राजेंद्र जून ने सेक्टर-7 स्थित जलघर से लाइनपार क्षेत्र तक मुख्य पाइप लाइन बिछाने और बूस्टिंग स्टेशन के निर्माण के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से करीब 20 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत करवाया। परियोजना पूरी होने के बाद कुछ दिन पहले ही फोर्टेसिया कॉलोनी में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली है।
पूर्व विधायक राजेंद्र जून ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्य हमेशा उनकी प्राथमिकता रहे हैं। फोर्टेसिया सहित लाइनपार क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना बेहद जरूरी था। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने कार्यकाल में इस परियोजना के लिए बजट स्वीकृत कराया और काम को आगे बढ़ाया। इस मौके पर पार्षद रजनीश उर्फ मोनू, आरडब्ल्यूए प्रधान जगबीर दलाल, उपप्रधान संदीप बड़क, महासचिव बिजेंद्र, महिपाल देशवाल, संजय भौरिया, दीपक ग्रोवर, नरेश ग्रोवर, डॉ. प्रदीप आदि मौजूद थे।