फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhajjar-Bahadurgarh News: सब्जी मंडी से नहीं हुई जलनिकासी, कारोबार प्रभावित

Tue, 27 Jun 2023 12:55 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, झज्जर/बहादुरगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
बहादुरगढ़। बारिश ने शहर के झज्जर रोड स्थित सब्जी मंडी के दुकानदारों की समस्या बढ़ा दी है। बरसात के बाद सब्जी मंडी में पानी भर गया है, जिस कारण दुकानदारों व खरीददारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पानी की निकासी के कोई इंतजाम नहीं है। यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि हर बरसात के बाद सब्जी मंडी में ऐसे ही हालात पैदा हो जाते हैं। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बार-बार मार्केट कमेटी को शिकायत करने के बावजूद भी पानी निकासी की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
विज्ञापन

सब्जी मंडी के दुकानदारों की समस्या सुनने के लिए वार्ड नंबर-15 से पार्षद पति भूपेंद्र राठी पहुंचे। प्रधान बलवान सिंह, सचिव ओमप्रकाश डोरा ने बताया कि सब्जी मंडी परिसर में पानी भरने से अब दुर्गंध उठ रही है। दुकानदारों की सब्जियां खराब होने लगी हैं। मंडी में हलकी बारिश के दौरान ही जलभराव हो जाता है, जिसका मुख्य कारण है यहां पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होना। बरसात के बाद टीन शेड में उनकी फड़ों के आगे तक पानी भर जाता है। उन्हें गंदे पानी के बीच बैठना पड़ता है। बरसात के बाद भरे पानी के कारण ग्राहक भी मंडी में नहीं आते, जिस कारण उनके सामने रोजी रोटी का संकट भी खड़ा हो जाता है।
रविवार को हुई बारिश का पानी पहले से ही मंडी में जमा था। सोमवार को हुई बारिश ने उनकी समस्या को और बढ़ा दिया है। बरसाती पानी के कारण आढ़तियों व सब्जी विके्रताओं को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। दुकानदारों ने कहा कि सब्जी मंडी में व्यापार करना उनके लिए मुश्किल हो गया है। यहां भरे बरसाती पानी के कारण इस गंदे पानी में मक्खी-मच्छर पनपते हैं। पानी के बीच से वाहन निकलते हैं तो दूर-दूर तक गंदा पानी फैल जाता है। दुकानदारों ने बताया कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था के लिए वह प्रशासनिक अधिकारियों तक कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, मगर उनकी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
विज्ञापन


दुकानदार राजेंद्र कश्यप, निंदे कश्यप, केसरी, श्यामलाल, नारंग, संतलाल, रमेश, जितेंद्र, डिम्पी, शोभा, देवकी, सुनील, मदन ने बताया कि मार्केट कमेटी मंडी से टैक्स तो वसूलती है, मगर यहां के दुकानदारों को सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाती। पार्षद पति भूपेंद्र राठी ने कहा कि शहर व आसपास के गांव में इसी मंडी से सब्जियां व फल जाते हैं, जिस कारण गंदे पानी में रखी सब्जियां लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि दुकानदारों की परेशानी को देखते हुए सब्जी मंडी में पानी निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि बरसात के दिनों में सब्जी मंडी के दुकानदारों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें