फोटो नंबर 78: घटिया सामग्री से बनाए गए नाले को तोड़ते मजदूर। (संवाद)
बादली। ईसापुर रोड तक गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे नाले में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत के बाद ग्राम पंचायत ने मामले का संज्ञान लिया है। सरपंच आनंद गुलिया ने संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर निर्माण कार्य में सामने आई खामियों से अवगत कराया। इसके बाद ठेकेदार ने नाले को तोड़कर अच्छी गुणवत्ता की सामग्री से दोबारा निर्माण कराने का आश्वासन दिया। नाले को तोड़ने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ग्रामीणों ने नाले के निर्माण में घटिया सामग्री लगाए जाने की शिकायत की थी। ग्रामीण एडवोकेट लोकेश शर्मा ने संबंधित विभाग को शिकायत भेजकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत में कहा गया था कि नाले का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि गंदे पानी की निकासी सुचारु रहे और भविष्य में जलभराव की समस्या न हो।
सरपंच ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार को मौके पर बुलाया। इस दौरान ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सामने आई खामियां दिखाईं। ठेकेदार ने नाले को तोड़कर दोबारा निर्माण करने की बात कही, जिसके बाद मजदूरों ने पुराना निर्माण हटाने का काम शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने मांग की है कि दोबारा निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जाए और संबंधित विभाग के अधिकारी नियमित रूप से कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करें। ग्रामीणों ने समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करने पर अमर उजाला का आभार जताया। अखबार ने 12 सितंबर को इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
फोटो नंबर 78: घटिया सामग्री से बनाए गए नाले को तोड़ते मजदूर। (संवाद)