डॉ. अशोक कुमार पंडा ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वह कंपनी के निदेशक (वित्त) के रूप में कार्यरत थे और नौ महीनों तक निदेशक (वाणिज्यिक) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।
विज्ञापन
डॉ. पंडा ने वर्ष 1992 में प्रबंधन प्रशिक्षु (तकनीकी) के रूप में सेल में अपने कॅरिअर की शुरुआत की थी। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई करने के बाद, उन्होंने तीन दशकों से अधिक समय तक विभिन्न संयंत्रों और इकाइयों में काम किया जिससे उन्हें प्रचालन, वित्तीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों में व्यापक अनुभव मिला।
कार्यभार संभालने के बाद, डॉ. पंडा ने कंपनी की तात्कालिक प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सेल 35 मिलियन टन प्रति वर्ष की क्षमता विस्तार के अगले चरण की ओर अग्रसर है जिसमें सभी कार्यस्थलों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कच्चे माल की सुरक्षा मजबूत करने के लिए घरेलू खनन को बढ़ावा देना और विदेशी संपत्तियों की खोज करना महत्वपूर्ण होगा।