बहादुरगढ़। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने दिल्ली में लगे लॉकडाउन के कारण आमजन के लिए मेट्रो सेवा बंद कर दी गई है। बहादुरगढ़ में मेट्रो स्टेशनों के बाहर भारी भीड़ को देखते हुए डीएमआरसी की ओर से मंगलवार को ब्रिगेडियर होशियार सिंह और बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन के दोनों गेट कुछ देर के लिए बंद कर दिए गए। बाद में एक गेट खोल दिया गया। यहां पर सिर्फ आवश्यक सेवा में कार्यरत लोगों को ही प्रवेश दिया गया। जो भी यात्री बिना पास स्टेशन में आए, उन्हें चेकिंग के बाद बाहर निकाल दिया गया। ऐसे में भारी संख्या में यात्रियों को निराश होकर मेट्रो स्टेशन के बाहर आना पड़ा।
दिल्ली में लॉकडाउन की वजह से मंगलवार सुबह बहादुरगढ़ सिटी व ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन के बाहर भारी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई थी। इनमें अधिकांश लोग वह थे जो दिल्ली के रास्ते यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जाना चाह रहे थे। मेट्रो में सवार होकर ये लोग आनंद विहार स्टेशन व दूसरे स्थानों पर जाना चाहते थे। हालांकि मेट्रो स्टेशनों पर ज्यादा भीड़ को देखते हुए डीएमआरसी की ओर से दोनों स्टेशनों पर प्रवेश बंद कर दिया गया। कुछ देर बाद एक गेट खोल दिया गया जिनमें सिर्फ आवश्यक सेवाओं में कार्यरत व पास धारकों को ही प्रवेश दिया गया। इन यात्रियों के साथ जो भी आमजन स्टेशन पर अंदर गया उसे चेकिंग के बाद बाहर निकाल दिया गया।
दिल्ली में लॉकडाउन की वजह से मेट्रो ने आमजन के लिए मेट्रो की सेवा रात 10 बजे से बंद कर दी थी। सिर्फ उन्हीं यात्रियों को मेट्रो में यात्रा करने की अनुमति देने के निर्देश दिए गए थे जिनके पास बने हुए हैं या फिर वे आवश्यक सेवा में कार्यरत हैं। ऐसे यात्री अपना वैध पहचान पत्र या पास दिखाकर मेट्रो में सफर कर सकते हैं। इसके लिए मेट्रो की ओर से लॉकडाउन की अवधि में सुबह 8 से 10 बजे तक और शाम 5 से 7 बजे के बीच के 30 मिनट के अंतराल में और शेष दिन की अवधि में 1 घंटे के अंतराल में मेट्रो सेवा चालू रहेगी। इस दौरान मेट्रो में खड़े होकर यात्रा करने की इजाजत किसी को भी नहीं दी जाएगी। मेट्रो में 50 फीसदी यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति रहेगी।