झज्जर। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग व विद्यालय शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में स्कूल स्तर के 9वीं कक्षा से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 30 जून तक 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर ‘टाबर उत्सव-2024 का आयोजन किया जा रहा है। झज्जर में ये उत्सव राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहादुरगढ़ में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के जिला संयोजक डॉ. सुदर्शन पूनिया ने बताया कि इस शिविर के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक मूर्तिशिल्प क्ले मॉडलिंग, रिलीफ एवं 3डी स्कल्पचर आर्ट में हरियाणवी संस्कृति पर आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 50 विद्यार्थियों को एक से 30 जून तक इस शिविर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रीष्मकालीन शिविर ‘टाबर उत्सव’ का उद्देश्य हरियाणा राज्य के होनहार छात्र-छात्राओं को मूर्ति शिल्प कला में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देना है। निदेशालय ने इस आयोजन के लिए विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट सहित अन्य सहायक सामग्री खरीदने के लिए बजट जारी कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने शिविर का निरीक्षण किया और कहा कि ये आपका सौभाग्य है कि आपको इस प्रकार का मौका मिल रहा है। विद्यार्थी हस्तशिल्प कला को अपना कैरियर भी बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृति का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्वयं भी बच्चों के समक्ष गीली मिट्टी से एक जानवर की प्रतिमूर्ति भी बनाकर दिखाई। खंड शिक्षा अधिकारी मुन्नी साहरण ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा में भी निखार आता है। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य सुरेश सैनी, प्राध्यापक जोगेंदर सिंह, रश्मि देवी, राकेश वत्स और ट्रेनर सुनीता छिल्लर और सुनीता देवी उपस्थित रहे।