फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhajjar-Bahadurgarh News: बहादुरगढ़ में 18 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, नगर परिषद ने सूची की तैयार

Sat, 29 Nov 2025 01:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, झज्जर/बहादुरगढ़
विज्ञापन
-फोटो 58 : नगर परिषद की बैठक में मौजूद अधिकारी। विज्ञप्ति
विज्ञापन
बहादुरगढ़। शहर में विकास कार्यों को नई रफ्तार देने के लिए नगर परिषद ने बड़ा फैसला लिया है। परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि वित्त और अनुबंध कमेटी की बैठक में करीब 18 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। हर वार्ड में 50-50 लाख रुपये से गली, नाली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम करवाए जाएंगे।
विज्ञापन

इन कार्यों को पार्षदों की प्राथमिकता सूची के आधार पर शामिल किया गया है ताकि हर वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास हो सके। नप चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि बैठक में कुछ विशेष कार्यों को भी मंजूरी दी गई। इनमें सैनीपुरा स्थित शिव धर्मशाला का 75 लाख रुपये से नवीनीकरण कराया जाएगा।
राठी ने बताया कि खेडक़ा गुजर गांव स्थित गोशाला में भी निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। यहां नगर परिषद शहर में पकड़े गए बेसहारा गोवंश को रखती है। संख्या बढ़ने के कारण गोशाला में पर्याप्त शेड नहीं होने से दिक्कत आ रही थी। अब नए शेड निर्माण से गोवंश को बेहतर सुविधा मिलेगी और व्यवस्था भी अधिक मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि शहर की सुंदरता और व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर परिषद ने बहादुरगढ़ में नए साइन बोर्ड लगाने का भी निर्णय लिया है। ये बोर्ड मुख्य मार्गों, प्रमुख स्थलों और चौराहों पर लगाए जाएंगे ताकि नागरिकों व बाहर से आने वाले लोगों को रास्तों और लोकेशन की सही जानकारी आसानी से मिल सके।
विज्ञापन


इसके साथ ही एक महत्वपूर्ण निर्णय नगर परिषद की उस जमीन को लेकर लिया गया है, जिस पर बाईपास के साथ अवैध कब्जा कर लिया गया था। अब इस भूमि की 68 लाख रुपये से चहारदीवारी करवाई जाएगी ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके। परिषद का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में यह कदम बहुत जरूरी था। इसके अलावा लाइनपार के वार्ड 3 में 80 लाख रुपये की लागत से नई वाल्मीकि चौपाल भी बनाई जाएगी। इसके लिए नगर परिषद की ओर से जमीन चिन्हित कर ली गई है।

बैठक की अध्यक्षता डीएमसी सुशील कुमार ने की थी। इसमें वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा, कार्यकारी अधिकारी अरुण नांदल, सचिव प्रवीण कुमार, एमई नवीन देशवाल, पार्षद नीना राठी, पार्षद संदीप दहिया आदि मौजूद थे। उन्होंने बताया कि सभी पार्षदों से वार्ड में जरूरी विकास कार्यों की सूची पहले ही ले ली गई थी। उसी आधार पर अब वित्त एवं अनुबंध कमेटी में इन कार्यों को मंजूरी दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों के लिए बजट पास कर दिया गया है और बहुत जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। टेंडर पूरे होते ही सभी वार्डों में एक साथ काम शुरू कर दिए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से बहादुरगढ़ की मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी, रास्ते बेहतर होंगे और शहर का समग्र विकास तेज गति से आगे बढ़ेगा।
विज्ञापन








विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें