बेरी। कस्बे में बेसहारा पशुओं का आतंक इतना बढ़ गया है कि दुकानदारों व वाहन चालकों के लिए परेशानी सबक बने हुए हैं। यह पशु बाजारों में घुसकर दुकानदारों को परेशान करते हैं। वहीं बीच सड़क पर बैठकर रास्ते को पूरी तरह से अवरूद्ध कर देते हैं। नगर पालिका के अधिकारी इस समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। अधिकारियों की यह लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। बेरी का बाजार तो ऐसा प्रतीत होता है मानो यह बाजार ना हो कोई पशुशाला हो।
हर रोज सुबह-सुबह फल-सब्जी बेचने वाले दुकानदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सुबह-सुबह जब वह अपना सामान गाड़ी से उतारते हैं तो उतारने से पहले ही आवारा पशु वहां एकत्र हो जाते हैं। आधे सामान को तो वे नीचे उतारने से पहले ही खा जाते हैं। आवारा पशु दुकानदारों द्वारा इकट्ठे किए गए कूड़े और कचरे को नगरपालिका के कर्मचारियों के आने से पहले ही बिखेर देते हैं। वहीं दूसरी ओर आवारा पशु राहगीरों के लिए भी सिरदर्द का कारण बने हुए हैं। सुबह-सुबह विद्यार्थियों का विद्यालय जाने में भी परेशानी होती है। कई बार तो उन्हें किसी दूसरे रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है।
सड़क पर इन आवारा पशुओं के झुंड के झुंड देखे जा सकते हैं। यह आवारा पशु सारा दिन मुख्य बाजार, शिव चौक, बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल के आगे घूमते रहते हैं। दुकानदार पंकज, ललित शर्मा, सुनील, मनीष, अमित, संदीप, वीरेंद्र, दीपक, शिवचरण आदि का कहना है कि बाजार में दिनभर आवारा पशु घूमते रहते है और कई बार तो इन्हें भगाने के चक्कर ने बाइक सवार चपेट में आने का भय बना रहता है। सारा दिन इन आवारा पशुओं भगाने में ही निकल जाता है। नगर पालिका के अधिकारियों की अनदेखी के कारण बाजार में समस्या गहराती जा रही है। कई बार तो यह पशु बाजार में सड़क के बीचों-बीच बैठ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को चाहिए की इनको गोशाला भिजवाएं।
करीब दो साल पहले बुजुर्ग महिला को सांड ने किया था घायल
बेरी निवासी बुजुर्ग महिला सजना देवी अपने मकान में जा रही थी तभी दो सांड वहां मौजूद थे। एक सांड ने बुजुर्ग महिला को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बुजुर्ग महिला सड़क पर जा गिरी। सड़क पर गिरने से रीड की हड्डी टूट गई थी, जिसका रोहतक के निजी अस्पताल में इलाज करवाया गया।
सड़कों और बाजार में आवारा पशुओं के घूमने का मामला संज्ञान में आया है। नगर पालिका की तरफ से आवारा पशुओं को पकड़ने का जल्द अभियान चलाया जाएगा। आवारा पशुओं को पकड़कर गोशाला में छुड़वाया जाएगा। आमजन व वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
राहुल, सचिव नगर पालिका बेरी