11jjrp18- झज्जर। वार्ड एक में फॉगिंग करती नगर परिषद की टीम। स्त्रोत- नगर परिषद
झज्जर। जिले में स्वास्थ्य विभाग के फॉगिंग कराने के दावे फेल साबित होते नजर आ रहे हैं। पिछले सप्ताह शुक्रवार को पुराना तहसील रोड पर एक डेंगू का मरीज सामने आया था, लेकिन अब तक वहां फॉगिंग नहीं कराई गई है।
पिछले एक सप्ताह में नगर परिषद ने वार्ड नंबर-13, 14 में फॉगिंग की है। वहीं, एक वार्ड में फॉगिंग चल रही है। सिविल अस्पताल के क्वार्टर, एसपी निवास के आसपास भी फॉगिंग करवाई है, लेकिन पुराना तहसील रोड पर अब तक फॉगिंग नहीं हुई है। जिले में डेंगू व मलेरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिले में सोमवार को डेंगू के पांच केस मिले हैं। वहीं मलेरिया का एक केस मिला है। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 87 व मलेरिया के मरीजों की संख्या 32 हो गई है।
कहां-कहां मिले डेंगू के केस
सोमवार को एक केस मांडोठी, एक केस देव कॉलोनी, एक केस विकास नगर, एक केस सेक्टर-7 व एक किला मोहल्ला बहादुरगढ़ में डेंगू का केस मिला है। इनमें से दो मरीजों को निजी अस्पताल व दो मरीजों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में सोमवार को डेंगू के पांच व मलेरिया का एक मरीज सामने आया है। जिले में अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या 87 व मलेरिया के मरीजों की संख्या 32 है। लोगों को डेंगू के लक्षण दिखने पर अपना टेस्ट कराना चाहिए।
- डॉ. तीर्थ सिंह बागड़ी, जिला मलेरिया अधिकारी