प्रदर्शन करते युवक व युवतियां। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। पुलिस भर्ती परीक्षा के लीक हुए प्रश्न पत्र के बाद सरकार की तरफ से परीक्षा को ही रद्द कर दिया गया है। इसको लेकर काफी संख्या में युवाओं ने शहर में प्रदर्शन किया और प्रदर्शन करने के बाद युवा लघु सचिवालय में पहुंचे। जहां पर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन भी सौंपा। दोपहर के समय काफी संख्या में युवकों-युवतियों ने हाथ में बैनर लेकर नारे लगाते हुए शहर की सड़कों पर प्रदर्शन किया।
शहर के छिकारा चौक, अंबेडकर चौक से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि काफी मेहनत करने व कोचिंग लेने के बाद उन्होंने परीक्षा के लिए तैयारी की थी, लेकिन कैथल में पकड़े गए गिरोह के बाद पुलिस भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। जिसके कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। सविता, रजनीश, रितु, कमलेश, रानी, बिजेंदर, राकेश, सोनू, धर्मेंद्र, राजेश आदि का कहना है कि उन्होंने हरियाणा पुलिस में भर्ती होने के लिए कोचिंग सेंटरों में हजारों रुपये खर्च कर कोचिंग ली थी और परीक्षा की तैयारियां भी पूरी कर ली थी।
उनके एडमिट कार्ड आ चुके थे और उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए जाने की तैयारियां भी कर ली थी। कुछ युवा तो रेवाड़ी के आसपास अपनी रिस्तेदारियों में भी पहुंच गए थे। कुछ ने गाड़ियां भी किराए पर कर ली थी, लेकिन अचानक सरकार की तरफ से पेपर लीक होने के बाद भर्ती के लिए परीक्षा को ही रद्द कर दिया गया। जिससे उन्हें काफी नुकसान के साथ-साथ तैयारी भी बेकार चली गई है। अब उन्हें एक बार फिर से तैयारी करने पर मजबूर होना पड़ेगा।