बहादुरगढ़। शहर के वार्ड नंबर 19 के लोग इन दिनों कुत्तों और बंदरों से खासे परेशान हैं। इस संबंध में वार्ड पार्षद विशाल गर्ग ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को पत्र सौंपकर इनसे निजात दिलाने की मांग की है।
वार्ड पार्षद विशाल गर्ग ने अधिकारी को सौंपे पत्र के माध्यम से कहा है कि अग्रवाल कॉलोनी की गली नंबर 3 और 7 में आवारा कुत्तों का आतंक रहता है। दिन भर काफी संख्या में कुत्ते इधर-उधर घूमते रहते हैं। इससे गलियों में बच्चों और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह के समय भी बंदर काफी संख्या में रहते हैं। सुबह के समय बच्चों को स्कूल छोड़ने जाने के लिए अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद को पत्र देकर उन्होंने बंदरों और कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है। बच्चों के स्कूल की छुट्टी होने के दौरान उन्हें घर तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी नगर परिषद अधिकारियों को पत्र दिए गए हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने इन बंदरों और कुत्तों को पकड़कर किसी अन्य जगह छोड़ने की गुहार लगाई है।