बहादुरगढ़ को राज्य का 22वां जिला बनाने के लिए मिशन डिस्ट्रिक्ट कमेटी के सदस्यों ने 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस पर शहर में पैदल मार्च निकाला।
युवाओं ने जिले के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम, रेलवे रोड से मेन बाजार होते हुए बालोर रोड स्थित शहीद भगत सिंह पार्क तक पैदल मार्च निकाला।
पैदल मार्च संपन्न होन पर लोगों ने इस मुहिम को निरंतर सक्रिय रखने का संकल्प लिया। इसके बाद कमेटी के सदस्यों ने शहर में पधारे सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को बहादुरगढ़ को हरियाणा का 22वां जिला बनाने संबंधी ज्ञापन सौंपा। सांसद ने अपनी तरफ से इस संबंध में हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इससे पहले सुबह हस्ताक्षर अभियान के अंतिम दिन शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम गेट के सामने रेलवे रोड पर लगाए गए 22 मीटर लंबे बैनर पर सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर किए।
कमेटी के सदस्यों के अनुसार अब बहादुरगढ़ को हरियाणा का 22वां जिला बनवाने के लिए हजारों हस्ताक्षरयुक्त इस 22 मीटर बैनर को जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सौंपकर बहादुरगढ़ निवासियों की भावनाओं से उन्हें अवगत कराया जाएगा।