बादली। बस स्टैंड पर रोडवेज बसों के नियमित ठहराव और संचालन की व्यवस्था को लेकर यात्रियों व ग्रामीणों ने परिवहन विभाग से उचित कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बस स्टैंड पर बसों के आवागमन का नियमित रिकॉर्ड दर्ज नहीं होने के कारण कई रोडवेज बसें बाईपास से होकर निकल जाती हैं। इससे बस स्टैंड पर इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानी होती है।
दैनिक यात्रियों संदीप, दीपक और मनजीत ने बताया कि गुरुग्राम, हिसार, जींद और रोहतक की ओर जाने वाले यात्रियों, छात्रों और कर्मचारियों के लिए बस स्टैंड से नियमित बस सेवा जरूरी है। यात्रियों के अनुसार यहां बसों के आवागमन की निगरानी और रिकॉर्ड रखने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि एक अधिकारी की नियुक्ति की जाए, जो बसों के आने-जाने का रिकॉर्ड रखे और निर्धारित बसों का बस स्टैंड से संचालन सुनिश्चित करे।
यात्रियों ने बताया कि किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली कुछ बसों के बाईपास से गुजरने के कारण उन्हें सुविधा नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों ने विभाग से मामले की जांच, बसों की निगरानी और यात्रियों की सुविधा के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है।