-फोटो 59 : ग्रीवेंस कमेटी मेंबर जसबीर सैनी के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांग रखते सफाई कर्म
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों को होने वाली परेशानी को लेकर ग्रीवेंस कमेटी मेंबर जसबीर सैनी ने उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार देर रात हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। सीएम को लिखित में शिकायत देकर अपने साथ हो रहे पक्षपात से अवगत कराया। सफाई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि न तो ठेकेदार की ओर से और न सरकार की ओर से उन्हें निर्धारित वेतन दिया जाता है और न ही वेतन समय पर मिलता है। अभी दो महीने से वेतन नहीं मिला। यदि हम अपनी मांग को ठेकेदार के समक्ष रखते हैं तो हमें काम से हटाने की धमकी मिलती है। जसबीर सैनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि बहादुरगढ़ शहर में सफाई का ठेका लगभग पौने तीन करोड़ का है लेकिन काम पूरा नहीं हो रहा है। धरातल पर सफाई कर्मचारियों की संख्या बहुत कम है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सफाई कर्मचारियों के लिए ऐसी व्यवस्था की जाए कि इन बिचौलियों का रोल बंद करके सीधा सरकार से वेतन खाते में आए। मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव सहन नहीं किया जाएगा। जो भी इसमें दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होंगी।