फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली पुलिस ने बहादुरगढ़ क्षेत्र के अखाड़ों में की पहलवान सुशील की तलाश

विज्ञापन
विज्ञापन
बहादुरगढ़। दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में हुई हरियाणा के पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के केस में दिल्ली पुलिस ओलंपियन पहलवान सुशील की तलाश में जगह-जगह छापे मार रही है। बहादुरगढ़ क्षेत्र से भी सुशील का जुड़ाव रहा है। इलाके के कई अखाड़ों में सुशील की तलाश की गई।
विज्ञापन

बहादुरगढ़ के कई अखाड़ों ने नामी पहलवान दिए हैं। हरियाणा के अखाड़ों के पहलवान सुशील को अपना आदर्श मानते रहे हैं। वे सुशील से प्रेरणा लेेते रहे हैं। यहां प्रतियोगिताओं और व्यायाम केंद्रों व जिम आदि का उद्घाटन भी उनसे करवाया जाता रहा है। इलाके के तमाम अखाड़ों में पहलवानों को प्रेरित करने के लिए सुशील और योगेश्वर दत्त के चित्र लगाए जाते हैं। खेल प्रेमी सुशील से खास प्रेम करते रहे हैं। गांव बखेता के पहलवान सागर की दिल्ली में हत्या होने के बाद अब यहां का कोई भी पहलवान कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। सूत्रों के अनुसार सागर की हत्या के केस में आरोपी सुशील की वीरवार को दिल्ली पुलिस ने इलाके के कुछ अखाड़ों में तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं लगा।
सुशील मूलतया बहादुरगढ़ से सटे दिल्ली देहात के गांव बापड़ोला का निवासी है। फिलहाल उसका आवास दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में ही है। गांव में उसके पिता दीवान सिंह व अन्य परिजन रहते हैं। बहादुरगढ़ क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ पहलवानों और कुश्ती गुरुओं की तरह लाला दीवानचंद योग एवं कुश्ती केंद्र छारा के संचालक एनआईएस कोच आर्य वीरेंद्र भी सुशील के प्रशंसकों में रहे हैं। उन्होंने इस प्रकरण को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सुशील बहुत परिश्रमी और दूसरे का दिल जीतने वाले स्वभाव का रहा है। इस केस में तो जांच एजेंसियां और फिर अदालतें ही कुछ कह सकती हैं, लेकिन जो भी है कुश्ती के लिए गलत है।
विज्ञापन

कुश्ती पर कई महान पुस्तक लिख चुके तेजपाल दलाल ने कहा कि सतपाल पहलवान, रामफल, यशवीर और सुशील व योगेश्वर ने भारत में कुश्ती को नई दिशा दी। विदेशी पहलवान भारत के पहलवानों की योग्यता का लोहा मानने लगे। भारत का दुनिया में रुतबा बना। लेकिन कुछ दिन पूर्व रोहतक के एक अखाड़े में कई की हत्या व अब इस तरह के प्रकरण कुश्ती जगत के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं। यह भी दुखद है कि कुश्ती जगत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभरते हुए पहलवान सागर धनखड़ को खोया है। तेजपाल ने कहा कि देश के कुश्ती गुरुओं को अपने अखाड़ों में अभ्यास से भी पहले अनुशासन को सर्वोपरि रखना चाहिए। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें