कोरोना महामारी के चलते शारीरिक दूरी के नए नियमों का पालन करते हुए दिल्ली मेट्रो ने अपना परिचालन कार्य 12 सितंबर से पूरी तरह से शुरू कर दिया है, जबकि ट्रेन में यात्रियों की संख्या में काफी कमी आई है। मेट्रो में पहले से अब यात्रियों की संख्या घटकर पांचवां हिस्सा ही रह गई हैं। डीएमआरसी के कारपोरेट कम्यूनिकेशन के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि इस बदले परिदृश्य में बेहतर क्षमता के साथ सेवा उपलब्ध कराने के लिए डीएमआरसी ने भीड़भाड़ वाले समय में चलने वाली ट्रेनों के फेरे प्रात: 8 बजे से शाम 8 बजे तक बढ़ा दिए हैं, जबकि प्रात: 11 बजे से शाम 4 बजे के दौरान कम भीड़भाड़ वाले समय की संकल्पना समाप्त कर दी गई है। इसके अतिरिक्त जनता को भी जहां तक संभव हो, अनावश्यक यात्राओं से बचने और जितना संभव हो अपनी सुविधा के लिए भीड़भाड़ वाले समय से बचकर अपने कार्यालय अन्य कार्यों के लिए आने-जाने के समय को बदलने और शारीरिक नियमों के कारण डीएमआरसी द्वारा जनता के लिए उपलब्ध सेवा के समुचित उपयोग की सलाह दी गई है।
- इन लाइनों पर अधिक भीड़
अनुज दयाल ने बताया कि हाल ही के दिनों में यह भी देखा गया है कि दिल्ली मेट्रो के कुछ सेक्शन दिलशाद गार्डन से शास्त्री पार्क, मुंडका से कीर्ति नगर, कीर्ति नगर से मंडी हाउस, नया बस अड्डा से दिलशाद गार्डन व एस्कॉट्र्स मुजेसर से बहादुरपुर सेक्शन पर क्षमता का उपयोग सौ फीसदी से अधिक हो रहा है। यहां पर सुबह और शाम में भीड़भाड़ वाले समय के दौरान क्षमता का उपयोग बढ़कर 133 फीसदी तक पहुंचा है जबकि कम भीड़भाड़ वाले समय के दौरान उन्हीं सेक्शनों में क्षमता का उपयोग केवल 30-50 फीसदी के बीच रहा है। इससे भीड़भाड़ वाले समय के दौरान यात्री यथासंभव अपने यात्रा समय में फेरबदल कर सकते हैं और शारीरिक दूरी बनाए रखकर निर्बाध रूप से यात्रा कर सकते हैं।
- ट्रेनों में भीड़ बढ़ी तो गेटों को बंद करेगी डीएमआरसी
आने वाले दिनों में व्यस्ततम अवधि के दौरान यदि अन्य सेक्शनों पर भी यह कार्य पद्धति जारी रखी जाती है तो स्टेशनों के बाहर लगने वाली लाइनें और लंबी होंगी। ऐसे में शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए इन सेक्शनों के बीच में ट्रेनों की शॉर्ट लूपिंग होगी और गेटों को बंद रखना पड़ेगा। इससे यात्रा समय और बढ़ जाएगा और यात्रा के दौरान असुविधा होगी। इसलिए आम जनता को फिर से सलाह दी जाती है कि वे भीड़भाड़ वाले समय से बचकर यात्रा करें ताकि इस अवधि में भीड़भाड़ कम हो सके और अपने आराम और कोरोना महामारी से बचाव के लिए कम भीड़भाड़ वाले समय के दौरान मिलने वाली अतिरिक्त सुविधा का लाभ उठाए।