बहादुरगढ़। बुधवार को गांव लोवा खुर्द के खेतों में एक युवक का शव मिला है। युवक की मौत गर्मी से हुई या फिर किसी बीमारी से या फिर अन्य कारण रहे यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है।
बुधवार को सुबह एचएल सिटी चौकी पुलिस को लोवा खुर्द में खेतों में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के एरिया में उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए, मगर उसकी पहचान नहीं हो पाई। मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान संभव हो सके। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। शव को पहचान के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान से संबंधित सूचना सभी चौकियों व थानों में दे दी है। युवक की मौत किन कारणों के चलते हुई, इसका पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा।