झज्जर। दुबलधन गांव से गुजर रही जवाहर लाल नेहरू नहर में एक युवक का शव मिला है। उसकी शिनाख्त रोहतक निवासी 18 वर्षीय रवि पुत्र रूप सिंह निवासी कबीर कालोनी रोहतक के रूप में हुई है। उसने दसवीं की परीक्षा पास की हुई थी और फिलहाल इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। मृतक को एक छोटा भाई और दो बहनें भी है।
शव मिलने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी रणबीर ने बताया कि रविवार दोपहर को पुलिस को रवि के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गोताखोर की टीम को बुलाकर सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन शव बरामद नहीं हो पाया। मंगलवार की शाम उसका शव दुबलधन पुलिया के नजदीक जेएलएन नहर से बरामद हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। इस मामले में बुधवार को मृतक के पिता रूप सिंह के बयान पर इत्फाकिया कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।