बहादुरगढ़। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (एमआईई) में स्थित मामा चौक के पास दिल्ली के एक युवक का शव मिला। यह युवक पांच अगस्त से लापता था। परिजनों ने सड़क हादसे में मौत की संभावना जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौप दिया है। अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज किया गया है। मृतक की पहचान जितेंद्र चौहान निवासी दिल्ली के तौर पर हुई है।
एमआईई चौकी पुलिस को सूचना मिली कि मामा चौक मेट्रो पिल्लर नंबर 770 के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए। मृतक के पास से मिले फोन नंबरों पर संपर्क किया और इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचे और उसकी पहचान जितेंद्र निवासी बिहार, हाल निवासी दिल्ली के तौर पर हुई। शिकायकर्ता कमलावती पत्नी जितेंद्र चौहान निवासी रविदास हीरा मार्केट दिल्ली ने बताया कि उसके पति जितेंद्र चौहान पिछले चार साल से दिल्ली में रहते थे और मेहनत मजदूरी का काम करते हैं। गत 5 अगस्त की शाम करीब साढ़े 8 बजे उसके पति जितेंद्र चौहान घूमने के लिए निकले थे, मगर वापस नहीं लौटे। कमलावती के अनुसार उसने अपने स्तर पर पता किया तो जानकारी मिली कि उसके पति जितेंद्र चौहान की मौत किसी अज्ञात वाहन के नीचे या अज्ञात गाड़ी टक्कर लगने से हुई है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।