बहादुरगढ़। आंदोलनरत किसानों को समर्थन देने के लिए पंजाब से आए वकील अमरजीत सिंह ने रविवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की घटना में पुलिस ने कार्रवाई की है। सोमवार को पीजीआई रोहतक में मृतक के शव का एचएल सिटी चौकी बहादुरगढ़ की पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अमरजीत सिंह एक बेटे और एक बेटी के पिता थे।
बता दें पंजाब के जिला फाजिल्का के गांव मंडी लाधूका के निवासी वकील अमरजीत सिंह पिछले कई दिनों से टीकरी बॉर्डर पर डटे किसानों को अपना समर्थन देने के लिए यहां थे। वह वकील होने का साथ-साथ किसान भी थे। दिल्ली-हरियाणा के टीकरी बॉर्डर से करीब 6 किलोमीटर दूर नया गांव चौक के पास किसानों के साथ डटे हुए थे। रविवार सुबह उन्होंने नयागांव चौक के पास अपने तंबू में ही जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उनके साथियों को इसका पता लगा तो वे तुरंत उन्हें इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया था। मृतक वकील ने प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र भी छोड़ा था। यह पत्र अंग्रेजी भाषा में था लेकिन इसमें कुछ लाइनें नीचे पंजाबी भाषा में भी लिखी हुई थी। पुलिस उक्त पत्र की जांच कर रही है।