झज्जर। रोहतक से 11 अप्रैल को जवाहर लाल नेहरू कैनाल में डूबे सुखपुरा चौक निवासी एक युवक का शव बुधवार को अकेहड़ी मदनपुर गांव में स्थित नहर के पंप हाउस से बरामद हुआ है। युवक के नहर में डूबने के बाद से ही उसकी तलाश चल रही थी। बुधवार को मृतक के परिजन शव की तलाश में अकेहड़ी मदनपुर के पंप हाउस पर पहुंचे तो शव पड़ा दिखाई दिया। मामले की जानकारी साल्हावास पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पानी से बाहर निकलवाया तो उसके परिजनों ने शव की पहचान रोहतक के सुखपुरा चौक निवासी तकदीर के रूप में की। पुलिस शव को पानी से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया। हालांकि नहर में गोताखोर भी शव की तलाश में जुटे थे।
परिजनों ने बताया कि 30 वर्षीय तकदीर पुत्र सुखबीर रोहतक के सुखपुरा चौक का रहने वाला था और वह 11 अप्रैल को रोहतक के गांव कलाई से होकर गुजर रही जेएलएन में नहाने के लिए गया था। इस दौरान ही वह पानी के तेज बहाव में बह गया। परिजनों का यह भी कहना था कि उन्होंने तकदीर की काफी तलाश की। लेकिन उसका कहीं कोई अता-पता नहीं लग पाया। अब उन्हें सूचना मिली कि तकदीर का शव जेएलएन में बहकर झज्जर के अकेहड़ी मदनपुर में पहुंचा है। उसके बाद ही वह शव की पहचान करने यहां आए हैं। पुलिस ने मृतक तकदीर के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
- दो रोज पहले मिला था महिला का शव
सोमवार को साल्हावास पुलिस को रोहतक निवासी महिला जुन्नू का शव भी इस पंप हाउस से बरामद हुआ था। उसकी सास व पति ने शव को जवाहर लाल नेहरू कैनाल में फेंक दिया था। आईएमटी रोहतक पुलिस थाने में दोनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज है।
शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को मृतक के परिजनों के हवाले कर दिया है।
- रामकरण, पुलिस थाना प्रभारी, साल्हावास।