बहादुरगढ़। कई दिनों से गर्मी के तेवर लगातार तल्ख हो रहे हैं। अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी पड़ रही है। शनिवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। अगले दो दिन में पारा 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर दिया है। मंगलवार को बारिश के आसार हैं इसके बाद कुछ राहत मिलेगी।
शनिवार को आसमान पूरी तरह साफ रहा। हल्की-फुल्की लू भी चलती रही। इससे लोगों ने बचाव भी शुरू कर दिया है। बाहर निकलते वक्त लोग अपने मुंह को ढक रहे हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने सोमवार तक तापमान 41 डिग्री तक जाने की संभावना जताई है। 18 अपै्रल को दोपहर बाद हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार भी बताए हैं। हालांकि इससे पहले 16 व 17 अपै्रल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री ओर न्यूनतम 21 व 22 डिग्री तक रह सकता है। 19 अप्रैल को आंधी चलने की भी संभावना हे। आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश हो सकती है। 20 अपै्रल को भी बादल छाए रहने की संभावना है।
कब चलती है लू
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक और सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहे तो मौसम विभाग लू की घोषणा करता है। अगर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक और सामान्य 6.4 डिग्री अधिक हो तो उसे गंभीर लू माना जाता है।
लक्षण और बचाव
-लू की वजह से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और बेहोशी हो सकती है। इसकी वजह से कमजोरी महसूस हो सकती हे। सिर दर्द, उल्टी, जरूरत से अधिक पसीना आना, बेहोशी आदि के लक्षण दिख सकते हैं। धूप में घर से बाहर जाने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। हल्के सूती कपड़े पहने छाछ, लस्सी, नींबू पानी खूब पीना चाहिए।