साल्हावास। गांव खानपुर कलां के मुख्य प्रवेश द्वार के पास से फिरनी के रास्ते में जल निकाली न होने से गंदा पानी मुख्य गलियों में भरा रहता है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूषित पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर बह रहा है, क्योंकि दो दशक पूर्व बनी सड़क नीची होने के कारण ये समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने वीरवार को दूषित पानी में खड़े होकर रोष प्रकट किया।
ग्रामीणों का कहना है कि इसकी शिकायत कई बार क्षेत्रीय सरपंच से की गई, लेकिन वह इसे गंभीरता से नहीं ले रही हैं। वह हमेशा बजट नहीं होने की बात कहती हैं। ग्रामीण कृष्ण, टेकराम, बेदपाल, कप्तान सिंह, बिजेंद्र, राजो, गुड्डी, सुशीला, मंजीत, संजू, सत्यवान, बलराम, बलवान ने बताया कि गांव में दो दशक पूर्व बनी सड़क पर 24 घंटे दूषित जल भरा रहता है। नालियां भी पूर्ण रूप से नहीं बनी हुई है। नालियों में निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से अनुसूचित जाति की बस्ती की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते और गलियों में पानी भरा रहता है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कई बार इसकी शिकायत सरपंच से भी की, लेकिन वे पंचायत फंड में रुपये न होने की बात कहती हैं। अभी तक कोई समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में रोष बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि दूषित पानी भरने से यहां दुर्गंध बनी रहती है। मच्छर पनप रहे हैं। दो नवंबर को उपायुक्त शक्ति सिंह ने खानपुर कलां की गलियों में भरा दूषित पानी, आवागमन में हो रही परेशानी पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को पत्र के तहत दो दिन में समाधान के आदेश जारी किए थे, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि दुर्भाग्य से दो महीने बीतने के बाद भी कोई देखने तक नहीं आया। दूषित पानी से लोगों में बीमारियां फैलने का भय बना हुआ है। दोपहिया वाहन चालकों को लंबी दूरी तय करके दूसरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खानपुर कलां में फिरनी को सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने लगभग दो दशक पूर्व अपनी ग्रांट से बनवाया था, लेकिन दो दशक पूर्व बनी गलियों में चलना दूभर हो गया है। गलियों से बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को निकलने में परेशानी होती है। गलियों में जलभराव होने के कारण लोग हादसे के शिकार हो रहे हैं।
ग्राम पंचायत खानपुर कलां को विकास के लिए पहले किश्त में 903587 रुपये सरकार से जारी हो चुके हैं तथा हाल ही में 386042 रुपये की दूसरी किश्त के रूप में मिल चुके हैं। जल्द ही पंचायत से प्रस्ताव पास करवाकर टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी ताकि समाधान जल्द से जल्द हो सकें।
राजाराम, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, मातनहेल
पिछले चार महीने से पानी सड़क पर ओवरफ्लो होकर बह रहा है। कोई अधिकारी या कर्मचारी हालत देखने तक नहीं आया।
वेदपाल
जनप्रतिनिधि और अधिकारियों से शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। जाहरवीर गोगाजी मंदिर में जाने वाले श्रद्धालुओं को गांव के इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। सरपंच ग्रांट न होने की बात कहते हैं।
बिजेंद्र
ग्रामीणों को हर रोज समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस है।
संजू इंदौरा
सड़क पर गंदा पानी भरने से सभी को काफी परेशानी होती है। गोगाजी के मंदिर में जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सड़क पर भरे गंदे पानी से ही गुजरना पड़ता है।
नरेश इंदौरा