झज्जर। साल के अंतिम दो दिनों में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को दिसंबर की पहली गहरी धुंध पड़ी। आगामी दो दिनों में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। गत वर्ष 24 दिसंबर को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं इस साल 24 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23 डिग्री पर बना हुआ है जबकि शनिवार रात को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बार-बार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बार-बार तापमान में उतार-चढ़ाव आ रहा है। दिन में धूप खिलने की वजह से ठंड कम महसूस हो रही है। 27 दिसंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में एक बार फिर से मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
सुबह-शाम पड़ रही धुंध
रविवार को सुबह दूसरे दिन गहरी धुंध पड़ी। सुबह 8 बजे तक धुंध का असर रहा। इसके चलते दृश्यता भी 10 से 15 मीटर तक रही। वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालक रेंग-रेंगकर गंतव्यों की तरफ जाते हुए नजर आए। रविवार शाम पांच बजे भी हल्का कोहरा छाना शुरू हो गया था।