24jjrp29- झज्जर। शहर की अनाज मंडी में आए धान को साफ करते मजदूर। संवाद
झज्जर। जिले की अनाज मंडियों में बाजरा लेकर पहुंचे किसानों में से बुधवार को सिर्फ एक किसान का गेट पास कटा है। इसके अलावा मंगलवार से मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल से किसानों का डाटा ई-खरीद पोर्टल पर ट्रांसफर होना शुरू हो गया है। पहले दिन किसानों का डाटा ट्रांसफर नहीं होने के चलते गेट पास नहीं काटा गया था। अभी किसानों के बाजरे की खरीद शुरू नहीं हो पाई है।
सरकार की तरफ से 23 सितंबर से बाजरे की खरीद करने के आदेश जारी किए गए हैं, लेकिन अभी तक जिले की किसी भी अनाज मंडियों से बाजरे की खरीद नहीं हो पाई है। झज्जर की अनाज मंडी में अब तक 50 हजार क्विंटल से अधिक बाजरा पहुंच चुका है। वहीं, किसान और आढ़ती भी लगातार बाजरे की खरीद किए जाने की मांग कर रहे हैं। बाजरे की खरीद शुरू नहीं होने किसान परेशान हो रहे हैं।
मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल से किसानों का डाटा ई-खरीद पोर्टल पर ट्रांसफर हो रहा है। पूरा डाटा ट्रांसफर होने में समय लग रहा है। जिन किसानों का डाटा ई-खरीद पोर्टल पर ट्रांसफर हो चुका है और गेट पास कटवाने के लिए आ रहे हैं। उन किसानों का गेट पास ई-खरीद पोर्टल पर दर्ज होना शुरू हो गया है। मार्किट कमेटी की तरफ से भी झज्जर अनाज मंडी में किसानों के गेट पास काटने के लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगा दी गई है।
1509 मशीन के धान की हुई खरीद
जिले की अनाज मंडियों में 1509 मशीन के धान की प्राइवेट खरीद की जा रही है। झज्जर अनाज मंडी में 1509 मशीन के 500 क्विंटल धान की 2800 से 2950 रुपये प्रति क्विंटल खरीद की गई है। इसके अलावा मातनहेल अनाज मंडी में 1509 मशीन के 150 क्विंटल धान की 2800 से 2950 रुपये प्रति क्विंटल खरीद की गई है।