बहादुरगढ़। होली के त्योहार के चलते मिठाइयां भी खूब बिक रही हैं। इसमें कई दिन पुरानी मिठाइयां भी बेची ज रही हैं। इस बारे में विभागीय अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार एक दिन में कलाकंद, दो दिन में रसगुल्ला और एक महीने में चने और बेसन लड्डू खराब हो जाते हैं।
मिठाइयों को लेकर ग्राहक के मन में कोई शिकायत है तो वे खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम 2006 के तहत मिलावटी खाद्य पदार्थों की पहचान कर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर खाद्य विभाग की ओर से कार्रवाई की जाती है।
बहादुरगढ़ में 150 से अधिक मिठाइयों की दुकानें हैं। होली पर्व पर कई-कई दिन पुरानी मिठाइयां बिक रही हैं। इनकी गुणवत्ता पर ध्यान देने में खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी कोई दिलचस्पी दिखा रहे हैं। स्वस्थ व्यक्ति भी बीमारियों की चपेट में आ सकता है।
आमजन कैसे करें इसकी शिकायत
-आपको लगता है कि कोई मिठाई मिलावटी है, तो आप खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
-मिलावटी मिठाई खाने से आपको कोई नुकसान होता है तो आप कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं व क्षतिपूर्ति का दावा कर सकते हैं।
-खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने या बनाने पर जुर्माना और सजा का प्रावधान है।
मिलावट की पहचान
-अपनी उंगलियों से मिठाई के ऊपर लगी चांदी की परत को पोंछने की कोशिश करें। अगर अवशेष उंगलियों पर चिपकते हैं तो इसका मतलब है कि चांदी की परत में एल्युमिनियम की मिलावट है।
-मिठाई खरीदते समय जांच लें कि मिठाई बने अधिक दिन तो नहीं हो चुके।
-अधिक रंगों वाली मिठाइयों को खरीदने से परहेज करें क्योंकि रंगों की मिलावट से स्वास्थ्य पर खराब असर हो सकता है।
शिकायत कैसे करें
-आप खाद्य आपूर्ति विभाग की वेबसाइट पर जाकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
-1915 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
-अपने क्षेत्र के खाद्य सुरक्षा विभाग में जाकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
वर्जन
जिले में विभाग की तरफ से समय-समय पर मिठाइयों की दुकानों पर जांच की जाती है। अब भी अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न मिठाइयों की दुकानों पर जाकर चेकिंग की जा रही है।
-राजेश वर्मा, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, झज्जर।