दलाल खाप बारहे की पंचायत में लिए निर्णयों का हाथ उठाकर समर्थन करते पंचायत में मौजद लोग।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। आंदोलनरत किसानों के लिए दलाल खाप द्वारा बेरी-बहादुरगढ़ फ्लाईओवर के समीप चलाए जा रहे भंडारा स्थल पर दलाल खाप बारहे की पंचायत हुई। इसकी अध्यक्षता दलाल खाप के प्रधान भूप सिंह दलाल ने की। पंचायत में दलाल खाप द्वारा कई सख्त निर्णय लिए गए। दलाल खाप 84 के प्रधान भूप सिंह दलाल ने बताया कि पंचायत में बीजेपी-जेजेपी के पदाधिकारियों व नेताओं का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। दलाल खाप की ओर से फैसला लिया गया है कि 6 फरवरी को जो किसान संगठनों ने चक्का जाम का आह्वान किया है दलाल खाप उसका समर्थन करती है।
प्रधान भूप सिंह दलाल ने बताया कि कृषि कानूनों के खिलाफ दलाल खाप 84 की महापंचायत 7 फरवरी रविवार को बेरी-बहादुरगढ़ फ्लाईओवर के समीप चल रहे भंडारा स्थल पर होगी। इसमें आंदोलन के बारे में आगे की रणनीति तैयार जाएगी। पंचायत में यह निर्णय भी लिया गया कि आंदोलन के आरंभ से अब तक चल रहे दलाल खाप द्वारा किसानों के लिए भंडारे को 8 फरवरी सोमवार से टीकरी बॉर्डर पर धरना व भंडारा चालू रहेगा। दलाल ने सभी युवाओं, बुजुर्गों व ग्रामीण महिलाओं से आह्वान करते हुए महापंचायत में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। इस अवसर पर सभी दलाल बारहा के सम्मानित व्यक्ति, समाज सेवी, पूर्व सरपंच, वर्तमान सरपंच के अलावा काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।