बहादुरगढ़। क्षेत्र में चोर अब न केवल घरों और वाहनों को अपना निशाना बना रहे हैं बल्कि मेट्रो ट्रैक को भी नहीं छोड़ रहे हैं। जी हां! चोरों ने बहादुरगढ़ में मेट्रो ट्रैक पर चढ़कर लाखों की कॉपर तार काट ले गए। मेट्रो अधिकारियों को इसका पता उस वक्त लगा जब 18 अगस्त की सुबह करीब चार बजे मेट्रो चलाने के लिए मेन लाइन को चार्ज किया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) के हेड मेंटेनर बीरेंद्र ने बताया कि 18 अगस्त की सुबह करीब चार बजे मेट्रो चलाने के लिए मेन लाइन को चार्ज किया तो सेक्टर-9 मोड़ के नजदीक ऊपर ट्रैक के तारों में तेज धमाका हो गया। उस दौरान गाड़ी चलने का समय हो रहा था तो फॉल्ट चेक नहीं कर पाए। फिर 18 अगस्त की देर रात को मेट्रो सेवा बंद हो जाने के बाद लाइन की चेकिंग की गई।
जांच के दौरान आधुनिक औद्याेगिक क्षेत्र में स्थित पीडीएम मेट्रो स्टेशन से बहादुरगढ़ डिपो की ओर जा रही 65 मीटर तार कटी हुई पाई गई। 19 अगस्त को जांच करते-करते डिपो के पास पहुंचे तो वहां ड्रेन के नजदीक झाड़ियों में तार के चार बंडल मिले। एक बंडल सड़क पर पाया गया। आशंका है कि पकड़े जाने के डर से भागते समय ये बंडल गिरे हों या फिर झाड़ियों में छिपाए गए हों। चोरों ने केबल को टुकड़ों में काटकर चोरी का प्रयास किया है।
चोरों ने मेट्रो सेवा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है। थाना शहर पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अभी चोरों का पता नहीं चला है।