बेरी। जम्मू-कश्मीर में तैनात सीआरपीएफ इंस्पेक्टर की बर्फबारी के दौरान हुए हादसे में मौत के बाद उसका शव पैतृक गांव बिसाहन में लाया गया तो सभी की आंखें नम हो गई। बिसाहन के निवासी बलवान सिंह की सैनिक सम्मान के साथ अत्योष्टि की गई। ग्रामीणों ने नम आंखों से सब इंस्पेक्टर को भावभीनी विदाई दी।
जम्मू-काश्मीर के जिला अनंतनाग इलाके में तैनात बेरी के गांव बिसाहन निवासी 56 वर्षीय बलवान पुत्र सूरजमल की पांच अप्रैल को शाम साढ़े सात बजे ड्यूटी के दौरान वहां पर हो रही बर्फबारी में पांव फिसलने से मौत हो गई थी। बीती देर शाम बलवान का पार्थिव शरीर सेना के जवान बेरी थाने में लेकर पहुंचे। शुक्रवार को बलवान का यहां उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। राजकीय सम्मान के साथ किए गए अंतिम संस्कार में बेरी थाना प्रभारी दयाचंद पुलिस बल पहुंचे और पुलिस प्रशासन की तरफ से बलवान की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। बलवान की पार्थिव देह के साथ आए सेना के जवानों ने बताया कि बलवान जम्मू कश्मीर के जिला अनंतनाग में ड्यूटी पर तैनात था। उसी दौरान वहां पर हो रही भयंकर बर्फबारी में उसका पांव अचानक फिसल गया और वह जमीन पर जा गिरा। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बलवान को गंभीर हालत में वहीं पर सैनिक अस्पताल में उपचार भी मुहैया कराया गया। वहां उपचार के दौरान बलवान ने दम तोड़ दिया।
बलवान के दो बेटियां और दो बेटे है। बेटियों की शादी उसने कर दी है जबकि अभी दोनों बेटों की शादी अभी नही हुई है। मृतक बलवान को उसके बड़े बेटे मिंटू ने मुखाग्रि दी।