झज्जर के बेरी गेट क्षेत्र में रात के समय दिल्ली पुलिस के एएसआई के घर में चोर घुस गए। चोरों ने करीब 35 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण व एक लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली है। चोरी की घटना की सूचना एएसआई के भाई ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बेरी गेट वार्ड नंबर 12 निवासी हितेंद्र गुर्जर पुत्र मलखान सिंह ने बताया कि उसका भाई दिल्ली पुलिस में एएसआई के पद पर तैनात है और वह परिवार के साथ नोएडा में रहता है। उसने देखा कि उसके मकान के सामने भाई सतीश के मकान का ताला गायब है तो परिवार से पूछताछ करने पर पता चला कि परिवार के किसी भी व्यक्ति ने ताला नहीं खोला है। जब मकान के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था और अलमारियों के दरवाजों को उखाड़ा हुआ था। कमरे के अंदर रखी अलमारी का लॉकर भी उखाड़ कर बेड पर रखा हुआ था। चोरी के मामले की जानकारी मिलने के बाद सतीश भी झज्जर पहुंचा तो पता चला कि करीब 61 तोले सोने के आभूषण, एक किलोग्राम चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये की नकदी गायब मिली।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस ने चोरी की घटना के बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने मौका मुआयना करने के बाद सबूत जुटाने के प्रयास किए लेकिन बताया जा रहा है कि किसी वस्तु पर या दरवाजे, कुंडी का कोई भी फिंगरप्रिंट नहीं मिला है। मात्र एक डब्बी पर उंगली के निशान मिले हैं।
शातिराना अंदाज में दिया वारदात को अंजाम
सतीश के घर में चोरों ने बड़े शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया है क्योंकि घर में कोई ऐसा खुला रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है कि जहां से चोर आसानी से घर में घुसा हो और बाहर निकला हो। किसी भी स्तर पर चोर ने कोई सबूत नहीं छोड़ा है। एक डब्बी को छोड़कर फिंगरप्रिंट के निशान तक दिखाई नहीं दे रहे हैं। अलमारी की ताली की तलाश की गई है और दराज से ताली निकाल कर अलमारी को खोली गई है। लॉकर का दरवाजा उखड़ा गया है, लेकिन उसे उखाड़े के लिए किसी चोट आदि के निशान भी दिखाई नहीं दिए हैं।
चांदी के सिक्के मिले बैड पर
एक थैली में रखे चांदी के सिक्के बेड पर ही रखे मिले हैं। चोर चांदी के सिक्कों को मौके पर ही छोड़ गया है। सतीश ने बताया कि वह दिल्ली के एक बैंक में ड्यूटी पर तैनात था। उस समय वह बैंक में नए नोटों की कोई नई गड्डी आती थी उस समय वह बैंक से नोट बलवाकर नई गड्डी ले लेता था ताकि किसी समारोह में वह काम आ जाएं। इस लिए उसने एक लाख के नए नोटों की गड्डी एकत्रित की हुई थी।
एसपी से मिले परिजन
चोरी की वारदात के बाद परिजन एसपी वसीम अकरम से मिलने के लिए उनके निवास पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कई टीमों को मामले की गहनता से जांच करने के आदेश दिए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - शेर सिंह, निरीक्षक, थाना प्रभारी, शहर झज्जर।