सेक्टर-13 में नया गांव के खेतों में मिला महिला का अर्धनग्न शव
बहादुरगढ़। सेक्टर 13 में नयागांव के खेतों में एक महिला का अर्धनग्न गली सड़ी अवस्था में शव मिला है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौके पर छानबीन से ऐसा लगता है कि महिला की हत्या करके शव यहां फेंका गया है। हत्या के कारण व हत्यारोपियों का अब तक सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस ने इसकी सूचना आसपास के क्षेत्र में भी दी है। हालांकि अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है। हत्या क्यों और कैसे की गई है इसकी जानकारी भी पुलिस की ओर से जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि सेक्टर-13 के अंतर्गत नया गांव के खेतों की जमीन में एक महिला का शव गली सड़ी अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ है। नया गांव निवासी कृष्ण के खेत में महिला का शव पड़ा हुआ था। शव के ऊपरी हिस्से पर एक सूट चिपका हुआ था और शरीर अर्धनग्न था।
शव को देखने के बाद ऐसा लग रहा था कि महिला की हत्या करके उसे यहां फेंका गया है। शव कई दिन पुराना लग रहा है। इससे यह भी मालूम नहीं पड़ रहा है कि उसकी हत्या कैसे की गई है और क्यों की गई है। थाना सदर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।