हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी क्षेत्र के गांव बहराना में बीएसएफ से सेवानिवृत्त जवान ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उनकी पहचान महेंद्र पुत्र रामकिशन के रूप में हुई है। गांव में स्थित प्लाॅट में उसने वारदात को अंजाम दिया।
पत्नी पुष्पा ने गोली की आवाज सुनते ही प्लाॅट में जाकर देखा तो महेंद्र के सिर से खून बह रहा था और वह चारपाई पर मृत पड़ा था। घटना की सूचना मिलने के बाद डीघल पुलिस चौकी प्रभारी सज्जन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पत्नी ने एक ही परिवार के चार लोगों पर पति को परेशान करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। पुलिस ने घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस को दी शिकायत में उसने आरोप लगाया कि उसके पति को चार लोग मानसिक रूप से परेशान करते थे। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर बेरी के एक परिवार के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
परचून की दुकान चलाता था महेंद्र
महेंद्र बीएसएफ से सेवानिवृत्त होने के बाद गांव में परचून की दुकान चलाते थे। परिजनों ने बताया कि महेंद्र ने 1992 में छावला में बीएसएफ ज्वाइन की थी और 2018 में वह सेवानिवृत्त हो गए। इस घटना के बाद चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। महेंद्र अपने परिवार का पालन पोषण करने वाला अकेला था।
गांव बहराना में बीएसएफ से सेवानिवृत्त जवान के लाइसेंसी रिवाल्वर से आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है।
- सज्जन कुमार, चौकी प्रभारी, डीघल