थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव शेरिया-मदाना मार्ग पर खेत में अज्ञात युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। खेत में अज्ञात युवक के शव की सूचना ग्रामीणों ने बेरी पुलिस को दी। बेरी थाने की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार गांव शेरिया-मदाना मार्ग पर खेत के बीच शनिवार को सुबह अज्ञात शव पड़ा हुआ मिला और युवक के पेट और मुंह पर चाकुओं के निशान थे। युवक की पहचान नहीं हो पाई। खेत में शव की सूचना पाकर डीएसपी जगत सिंह, थाना प्रभारी कुलबीर सिंह, एफएसएल टीम, फिंगर एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया गया। युवक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है और युवक के गले में किसी निजी कंपनी के आई कार्ड की डोरी पाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए अगले 72 घंटों तक झज्जर शव गृह में रखवा दिया गया है।
सैर करने गए ग्रामीणों ने दी सूचना
गांव शेरिया में खेत में मिले अज्ञात युवक के शव की सूचना ग्रामीण जब सुबह सैर करने के लिए गए तो उन्होंने शेरिया-मदाना मार्ग पर खेत में युवक का शव देखा। खेत में शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने गांव के सरपंच को दी। सूचना पाकर शेरिया के सरपंच मौके पहुंचे और बेरी थाना प्रभारी को सूचना दी गई।
शव के पास मिला आग बुझाने वाला छोटा सिलेंडर
गांव शेरिया में मिले शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए आरोपियों ने पहले तो युवक की हत्या की और बाद में खेत में डालने के बावजूद युवक के मुंह पर आग बुझाने वाले सिलेंडर से स्प्रे कर दी। जिससे युवक के शव को खुर्द-बुर्द किया जा सके। बता दें कि आग बुझाने वाला सिलेंडर शव के साथ ही पड़ा हुआ था।
शव के साथ खेत में ही मिले जूते
बता दें कि युवक की हत्या के बाद युवक के जूते भी शव के करीब ही पड़े हुए थे और पुलिस अब युवक की पहचान के लिए गुड़गांव कंपनी में युवक के शव की पहचान लगाने में जुटी हुई है।
गांव शेरिया में खेत अज्ञात युवक के शव होने की सूचना मिली थी। युवक के शरीर पर चाकुओं के निशान हैं और गले में एक गुड़गांव की निजी कंपनी का आई कार्ड डोरी मिली है और शव के पास आग बुझाने का यंत्र भी मिला है। जिससे युवक के मुंह पर स्प्रे किया हुआ है। आरोपियों का प्रयास था कि स्प्रे मारकर शव को खुर्द-बुर्द किया जा सके। अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में युवक की पहचान करने के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है। शनिवार को बेरी पुलिस की टीम युवक की पहचान के लिए गुड़गांव भी गई थी, लेकिन शनिवार होने के कारण नहीं कार्रवाई हो पाई।
बेरी थाना प्रभारी कुलबीर सिंह।