जिले के गांव कबलाना स्थित गंगा इंस्टीट्यूट में एक समुदाय विशेष से संबंध रखने वाले छात्रों के दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी से नौबत हाथापाई तक जा पहुंची। जिसमें एक छात्र को काफी चोटें भी आई। जिसे साथी छात्रों की मदद से शहर में स्थित एक निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद टीम ने संस्थान का दौरा भी किया और पीड़ित छात्र सहित अन्य छात्रों से भी बातचीत की। बाद में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित में शिकायत नहीं दिए जाने के चलते आपसी सहमति से ही मामले को रफा-दफा कर दिया गया। उधर, पुलिस ने मामले में पूरी नजर बनाए रखी है। एहतियात के तौर पर संस्थान प्रबंधन को भी सुरक्षा से जुड़े पहलू पर कड़े निर्देश दिए गए हैं। ताकि भविष्य में ऐसी घटना की कोई पुनरावृत्ति नहीं हो। इसका भी ध्यान रखे जाने की बात कही गई है। इधर, यह मामला दिन भर खूब चर्चा का विषय भी बना रहा। उल्लेखनीय है कि गांव कबलाना स्थित गंगा इंस्टीट्यूट में हरियाणा सहित आस-पास के प्रदेशों के भी छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात को यहां मैस में खाना खा रहे छात्रों के दो गुटों के बीच पानी डाले जाने को लेकर कोई विवाद प्रारंभ हुआ। मामूली सी बात पर शुरू हुआ यह विवाद इस हद तक जा बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मार पीट होने लगी। एक छात्र को चोट भी आई। मामला बढ़ता हुआ देख संस्थान में मौजूद रहे अन्य छात्रों ने बीच बचाव किया और प्रबंधन को भी इसकी जानकारी दी गई। डीएसपी राजीव कुमार की अगुवाई में पुलिस की एक टीम ने मौके पर पहुंचते स्थिति का जायजा भी लिया।
डीएसपी राजीव कुमार का कहना है कि छात्रों के दो गुटों में विवाद हुआ था। जिसमें एक छात्र को चोट भी आई। चूंकि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामला निपट गया है। इसलिए कोई पुलिस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होने पाए। विशेष तौर पर दिशा निर्देश दिए गए हैं।