दुजाना सेना की भर्ती में भाग लेने के लिए प्रमाण पत्र को बनवाने पहुंचे युवकों ने खूब हंगामा किया। युवाओं ने कहा कि खंड सरकारी कर्मचारी हमारे प्रमाण पत्र बनाने को लेकर टाल-मटोल कर रहे हैं। युवाओं ने रोष जताते हुए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी की गाड़ी का घेराव कर लिया। जिसके बाद माहौल बिगड़ता देख पुलिस बुलानी पड़ी। काफी मान-मनौव्वल के बाद युवा मानें।
युवाओं ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाया। युवाओं ने कहा कि कर्मचारी चुनाव का बहाना बनाकर उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं। बता दें कि सोमवार को रिहायशी प्रमाण पत्रों पर हस्ताक्षर करवाने के लिए पहुंचे युवाओं दीपक, गौरव, राजेश, महिपाल, सोनू, सुंदर सहित कई अन्य ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से जन्म प्रमाण व रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय से लेकर दूसरे विभागों के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन कोई भी उनके कागजों पर हस्ताक्षर करने को तैयार नहीं है। बल्कि चुनावी ड्यूटी का बहाना बनाकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब बीडीपीओ कार्यालय में जाते हैं तो पुलिस वेरीफिकेशन की कॉपी मांगी जाती है। ऐसे में वे सरकारी विभागों के चक्कर काटने में ही लगे रहते हैं। अधिकारियों की मनमानी से परेशान होकर युवाओं को उनकी गाड़ी का घेराव करना पड़ा।
युवा बोले, दुजाना में भर्ती होने के लिए की है मेहनत
युवाओं ने कहा कि दुजाना में सेना की खुली भर्ती का उन्हें सुनहरा अवसर मिला है। ऐसे मौके बार-बार नहीं आते। हमने इसके लिए महीनों मेहनत की है। जिस पर कर्मचारी पानी फेरने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस वेरिफिकेशन बिना नहीं होंगे हस्ताक्षर
जिनके पास सभी कागजात पूरे हैं और पुलिस वेरिफिकेशन करवाई हुई है उनके रिहायशी प्रमाण पत्रों को जारी करने में किसी तरह की देरी नहीं होने दी जाएगी चाहे इसके लिए कितना ही समस्या उन्हें इस काम में क्यों न लग जाए।
रामफल, बीडीपीओ, बहादुरगढ़